चमोली/गोपेश्वर। जोशीमठ पहाड़ी क्षेत्रों में भालू के हमलों की बढ़ती घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सीमांत नगर जोशीमठ के सिंहधार वार्ड में बीती देर रात करीब तीन बजे भालू ने एक ही परिवार के चार लोगों पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना तड़के करीब तीन बजे की है। बिन्देश कुमार, उम्र 37 वर्ष की गोशाला में मवेशियों की आवाज आई तो देखने के लिए बिन्देश कुमार व मां गोशाला की ओर बढ़ी, इसी दौरान गौशाला में मौजूद भालू ने हमला कर दिया।
परिवार के अन्य भी मदद के लिए आए तो उन पर भी झपटा मारा, सदस्यों द्वारा शोर शराबा कर भालू को मौके से भगाया गया। इस दौरान परिवार के तीन अन्य सदस्यों पर भी संघर्ष के दौरान चोटें आईं हैं।घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए लाया गया। घटना के बाद से सिंहधार वार्ड सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने प्रभावित क्षेत्र में तत्काल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, वन विभाग की टीम तैनात करने और भालू की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।
पहाड़ी क्षेत्रों में भालुओं की आबादी वाले इलाकों में बढ़ती आवाजाही मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर समस्या बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवासीय क्षेत्रों में वन्यजीवों की सक्रियता के चलते लोगों में भय बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, भालू की गतिविधियों की निगरानी करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
















