उत्तराखंड: दोस्त ने पार्टी में बुलाकर मारी गोली! शव के पास सीमा विवाद करती रही 2 राज्यों की पुलिस

 उत्तराखंड: दोस्त ने पार्टी में बुलाकर मारी गोली! शव के पास सीमा विवाद करती रही 2 राज्यों की पुलिस

हरिद्वार। उत्तराखंड में तीन दोस्तों ने एक युवक को फोन कर पार्टी के लिए बुलाया, फिर उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। जब ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो यूपी और उत्तराखंड पुलिस मामले को एक-दूसरे के क्षेत्र का बताकर टालती रही।

दरअसल ये पूरी घटना हरिद्वार के उत्तराखंड बॉर्डर स्थित मंगलौर कोतवाली क्षेत्र की है। शनिवार की इस घटना का पता रविवार को चला। हुआ यू कि मंगलौर कोतवाली के मोहम्मदपुर जट्ट गांव का रहने वाला 28 साल का सौरभ एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। साथ ही पिता के साथ खेती-बाड़ी में भी हाथ बंटाता था। कुछ साल पहले सौरभ की शादी हुई थी। परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे और एक भाई और बहन हैं।

दोस्त का आया फोन और फिर रची गई साजिश

दरअसल शनिवार शाम सौरभ को उसके दोस्त सुमित का फोन आया। सुमित ने कहा कि वो उसे लेने आ रहा है सब मिलकर पार्टी करेंगे। दोस्त के कहने पर सौरभ गांव के ही शिव मंदिर के पास आया। वहां पर दो और दोस्त डिंपल और आशीष भी मौजूद थे।

बाइक से आए तीन हमलावर, सौरभ को मारी गोली

जब चारों दोस्त ईंट भट्ठे के पीछे थे। तभी बाइक से तीन युवक अनुज, रोबिन और प्रद्युम्न पहुंचे। आरोप है कि प्रद्युम्न ने तमंचे से सौरभ पर गोली चला दी। गोली लगने पर सौरभ लहूलुहान हो गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।

शव के पास घंटों उलझी UP और उत्तराखंड की पुलिस

शनिवार की इस वारदात का पता रविवार को चला। ये उत्तराखंड बॉर्डर का मामला था। जिसकी वजह से दोनों राज्यों उत्तर प्रदेश की पुरकाजी थाना पुलिस और उत्तराखंड की मंगलौर कोतवाली पुलिस पहुंच गई।हालांकि वहां पर दोनों राज्यों की पुलिस कई घंटों तक एक दूसरे के इलाके का मामला बताकर टालती रही। आखिरकार उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर सीमांकन कराया गया। जिसमें मामला उत्तराखंड के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में निकला।

सीमा तय होने के बाद शिकायत हुई दर्ज

जब सीमा तय हुई तब जाकर मंगलौर पुलिस ने मृतक के पिता राजेंद्र सिंह की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया। तीनों मुख्य आरोपी अनुज, रोबिन और प्रद्युम्न के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Khabri Bhula

Related post