मुख्यमंत्री धामी ने ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने के लिए नियमित शिविर लगाने के दिए निर्देश
उत्तराखंड: नाबालिग से 5 लोगों ने किया गैंगरेप, ओयो होटल में ले जाकर पिलाया नशीला पदार्थ
रुद्रपुर। देवभूमि उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले से भी इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक और बड़ी वारदात सामने आ गई है। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ होटल के कमरे में सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।
वाटर पार्क जाने के लिए निकली थी नाबालिग: प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक घटना 6 जुलाई की दोपहर की है। पीड़िता की मां ने बताया उसकी 13 वर्षीय बेटी अपने मोहल्ले की एक सहेली के साथ वाटर पार्क जाने के लिए निकली थी। दोनों लड़कियां मेडिसिटी हॉस्पिटल के पास खड़ी होकर ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान वहां एक युवक बाइक से पहुंचा, जो कि एक मॉल में काम करता है।
पीड़िता की सहेली युवक को पहले से जानती थी। उसने उसे अपना मुंहबोला भाई बताया। युवक के साथ उसका कथित चाचा भी मौजूद था। युवक ने पीड़िता की सहेली से कहा कि वह पीछे-पीछे आए। उसने 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को अपनी बाइक पर बैठा लिया।
कोल्ड ड्रिंक में मिलाया नशीला पदार्थ: आरोप है कि युवक और उसका साथी नाबालिग को सीधे लालपुर स्थित टोल प्लाजा के पास बने एक होटल में ले गए। वहां आरोपियों ने नाबालिग को कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद युवक और उसके साथी ने बारी-बारी से नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। दरिंदगी यहीं नहीं रुकी. आरोपियों ने बाद में 2 से 3 अन्य युवकों को भी होटल में बुलाया। उन अज्ञात युवकों ने भी बेहोशी और लाचारी की हालत में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पूरी रात नाबालिग को बनाया बंधक: आरोपियों ने पीड़िता को पूरी रात बंधक बनाकर अपने पास रखा। सुबह होटल के बाहर छोड़ा। पीड़िता ने रोते हुए मदद मांगी। अगले दिन यानी 7 जुलाई की सुबह करीब 11:00 बजे आरोपी पीड़िता को होटल के बाहर बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता सड़क पर रोती-चिल्लाती हुई मदद की गुहार लगा रही। इसी बीच उसने एक स्थानीय दुकानदार से फोन मांगकर अपनी मां को आपबीती सुनाई। सूचना मिलते ही बदहवास मां मौके पर पहुंची। तुरंत 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी।
एक्शन में पुलिस: इस संवेदनशील मामले पर तुरंत संज्ञान लेते हुए रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बारीकी से साक्ष्य जुटा रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
