उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में पति ने कुल्हाड़ी से की पत्नी की हत्या

 उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में पति ने कुल्हाड़ी से की पत्नी की हत्या

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ अस्कोट थाना क्षेत्र के द्वालीसेरा गांव में आपसी विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने धारदार कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी का गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में बुधवार रात एक शादी समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें भुवन प्रसाद (50) अपनी पत्नी गीता देवी (38) के साथ शामिल हुआ था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आपा खोते हुए कुल्हाड़ी से पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया।

पड़ोसियों ने जब शोर-शराबे की आवाज सुनी तो वो भुवन प्रसाद के घर पहुंचे, लेकिन अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। क्योंकि घर में गीता देवी खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई थी. पड़ोसियों ने पास जाकर देखा तो गीता देवी मर चुकी थी।

इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। गीता देवी के दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटे और एक बेटी की शादी हो चुकी है। इस नृशंस हत्याकांड से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. इस घटना को लेकर क्षेत्र दहशत का माहौल है।

Khabri Bhula

Related post