देहरादून में वीकेंड पर इन रास्तों से होगा ट्रैफिक डायवर्जन, जानिए
देहरादून में वीकेंड पर इन रास्तों से होगा ट्रैफिक डायवर्जन, जानिए
देहरादून: वीकेंड पर बढ़ते पर्यटन दबाव को देखते हुए देहरादून पुलिस ने मसूरी, चकराता और ऋषिकेश जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रैफिक प्लान जारी किया है। दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों से आने वाले पर्यटकों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह प्लान तैयार किया गया है, ताकि शहर और पहाड़ी मार्गों पर जाम की स्थिति से बचा जा सके।
देहरादून में वीकेंड पर इन रास्तों से होगा ट्रैफिक डायवर्जन
मसूरी जाने वालों के लिए दो मुख्य प्लान बनाए गए हैं। डाटकाली से आने वाले वाहनों को आरटीओ चेकपोस्ट, आईएसबीटी, शिमला बाईपास होते हुए शहर के अंदर से मसूरी भेजा जाएगा। वहीं वैकल्पिक मार्ग में किमाड़ी और हाथीपांव रूट का इस्तेमाल कराया जाएगा। चकराता जाने वाले वाहनों के लिए भी जीएमएस रोड और लांघा रोड के जरिए अलग रूट तय किया गया है।
प्रेमनगर, बल्लूपुर और कौलागढ़ क्षेत्र से भी मसूरी के लिए किमाड़ी-लंबीधार-हाथीपांव मार्ग निर्धारित किया गया है। वापसी के दौरान मसूरी से हिमाचल, आशारोड़ी, ऋषिकेश और हरिद्वार जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट प्लान लागू रहेगा, जिससे शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके।
ऋषिकेश और हरिद्वार से मसूरी जाने वाले पर्यटकों के लिए थानो रोड, सहस्त्रधारा, आईटी पार्क और किमाड़ी मार्ग का उपयोग कराया जाएगा। ट्रैफिक बढ़ने पर डोईवाला, नेपाली फार्म और भानियावाला से वैकल्पिक रूट डायवर्ट किए जाएंगे। वहीं विकासनगर और हरबर्टपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को भी यमुना पुल और कैम्प्टी फॉल होते हुए मसूरी भेजने की व्यवस्था की गई है।
शहर के भीतर भी लागू रहेगा डायवर्जन प्लान
शहर के भीतर भी डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। पेसिफिक मॉल, सेंट्रियो मॉल, सहस्त्रधारा और गुच्चुपानी जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक बढ़ने पर बैरियर लगाकर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
पार्किंग फुल तो ऐसे होगा डायवर्जन
मसूरी में पार्किंग फुल होने की स्थिति में तीन स्तर का प्लान लागू किया जाएगा। पहले चरण में सामान्य संचालन रहेगा, दूसरे चरण में किंग क्रेग पार्किंग में वाहन खड़े कर लोकल टैक्सी से भेजा जाएगा और तीसरे चरण में गज्जी बैंड से वाहनों को डायवर्ट कर जीरो प्वाइंट तक पार्किंग कराई जाएगी।
ऋषिकेश में भी प्लान ए, बी और सी लागू किए जाएंगे। ट्रैफिक बढ़ने पर वाहनों को नेपाली फार्म, लालतप्पड़, नरेंद्रनगर और बायपास मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा और उन्हें निर्धारित समय के बाद ही अंदर आने की अनुमति होगी।
पुलिस ने साफ किया है कि एंबुलेंस, फायर और अन्य जरूरी सेवाओं को किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाएगा। नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी और क्रेन से उठाया जाएगा।
