देहरादून: पति ने की पत्नी की गोली मारकर हत्या, पुलिस को सूचना देकर मौके से फरार पति

 देहरादून: पति ने की पत्नी की गोली मारकर हत्या, पुलिस को सूचना देकर मौके से फरार पति

देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय काजल पत्नी धीरज पंवार के रूप में हुई है। घटना के बाद से महिला का पति धीरज पंवार फरार है।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम को धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन पुलिस ने कॉल करने वाले से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस ने कॉल की लोकेशन के आधार पर आसपास तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद एक प्लॉट के अंदर बने कमरे की जांच की। कमरे में काजल (26) पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिली। पुलिस के मुताबिक महिला की मौत गोली लगने से हुई है। सूचना के बाद फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस के अनुसार काजल अपने पति धीरज के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रह रही थी। उसके भाई अभिषेक का घर भी बगल में है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन और जीजा के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच सोमवार सुबह गोली मारकर हत्या की घटना सामने आई।

मृतका मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा शकरपुर की रहने वाली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद से फरार पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Khabri Bhula

Related post