‘आप’ का ‘सशक्त महिला समृद्ध उत्तराखंड’ अभियान आज से

 ‘आप’ का ‘सशक्त महिला समृद्ध उत्तराखंड’ अभियान आज से

देहरादून। आने वाले विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की आधी आबादी यानी प्रदेश की महिलाओं को साधने के लिए आम आदमी पार्टी महिला सशक्तिकरण का नारा लगाकर चुनावी वैतरणी पार लगाना चाहती है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की चौथी गारंटी, जिसमें हर घर में 18 साल से अधिक आयु की महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की घोषणा की गई है। इसको लेकर आम आदमी पार्टी आज से सशक्त महिला समृद्ध उत्तराखंड अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत प्रदेश भर में 350 मातृशक्ति संवाद कार्यक्रम होंगे। इसकी शुरुआत दिल्ली से आ रही आप नेत्री आतिशी करेंगी।
आप प्रदेश मीडिया सहप्रभारी उमा सिसोदिया के मुताबिक अभियान के तहत प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं से संवाद कर उन्हें केजरीवाल की चौथी गारंटी ‘महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपये मिलेंगे’ के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही महिलाओं का पंजीकरण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया ये गारंटी महिला सशक्तिकरण के लिए इतिहास का सबसे बड़ा क़दम साबित होगी। शुक्रवार को हल्द्वानी और काशीपुर में महिलाओं से संवाद किया जाएगा। 25 दिसंबर को राजपुर, कैंट, विकासनगर और सहसपुर में कार्यक्रम होंगे। 26 दिसंबर को रायपुर, मसूरी और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में महिला संवाद कार्यक्रम होंगे।

Khabri Bhula

Related post