उत्तराखंड में भालू का आतंक, घास काट रही दो महिलाओं का किया पीछा… खाई में गिरीं, एक की मौत
उत्तराखंड में भालू का आतंक, घास काट रही दो महिलाओं का किया पीछा… खाई में गिरीं, एक की मौत
गोपेश्वर/चमोली। उत्तराखंड के गोपेश्वर में जंगल घास काटने गई दो महिलाओं पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले से बचने की कोशिश में दोनों चट्टान से नीचे गिर गईं, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और दूसरी गंभीर रूप से घायल है। दूसरी घायल महिला को पोखरी से श्रीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
सिदेली गांव निवासी चंद्रशेखर ने बताया कि उनकी पत्नी विमला देवी (55) और गांव की ही लक्ष्मी देवी (42), पत्नी गजेंद्र नेगी, शुक्रवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर स्थित बोगा जंगल में घास लेने गई थीं। दोनों महिलाएं जंगल में घास काट रही थीं, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू के हमले से बचने के प्रयास में दोनों महिलाएं चट्टान से नीचे गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायल महिलाओं को आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद विमला देवी को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी देवी को प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर घायल महिला को हायर सेंटर पहुंचाने के लिए हेलिकॉप्टर सेवा की व्यवस्था की गई थी, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद घायल महिला को एंबुलेंस से हायर सेंटर रेफर किया गया।
