गैरसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में आज मंगलवार 27 अक्टूबर 2026 से उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय सत्र शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत में सीएम धामी समेत पूरे सदन ने पूर्व सीएम दिवंगत बीसी खंडूड़ी को याद किया। इस दौरान ठीक 3 बजे सीएम धामी ने अनुपूरक बजट पेश करने का प्रस्ताव किया।
यह सत्र 27 और 28 अक्टूबर 2026 को दो दिन तक चलेगा। इस सत्र में सरकार द्वारा 7,400 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश किया। सत्र के पहले ही दिन मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस, प्रदेश प्रधान संगठन और स्थानीय पार्टी उत्तराखंड क्रांति दल ने सरकार के खिलाफ विधानसभा घेराव का ऐलान किया।
गोल्डन कार्ड के लिए 125 करोड़ रुपये का प्रावधान
गैरसैंण जलापूर्ति बांध परियोजना के लिए 122 करोड़, नवीन स्टेट डेटा सेंटर के लिए 40 करोड़ और हरिद्वार-गंगा कॉरिडोर परियोजना के लिए 30 करोड़ रुपये दिए गए हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान योजना के लिए 100 करोड़ और गोल्डन कार्ड के लिए 125 करोड़ रुपये का प्रावधान है। कल्याणकारी पेंशन के लिए 93 करोड़ रुपये रखे गए हैं। ऊर्जा क्षेत्र में खुरपिया फार्म परियोजना की विद्युत व्यवस्था के लिए 270 करोड़ तथा पिथौरागढ़, रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेजों के लिए 160 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।
ऋषिकेश स्थित मदन मोहन प्राच्य संस्थान की स्थापना के लिए दो करोड़ रुपये रखे गए हैं, जहां ज्योतिष, आयुर्वेद, योग, ध्यान और अध्यात्म के अध्ययन को बढ़ावा दिया जाएगा। खेलों के लिए खेल विश्वविद्यालय को 35 करोड़, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज चंपावत को 10 करोड़ और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों के पुरस्कार के लिए 15 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा नंदा देवी राजजात योजना के लिए 20 करोड़, ट्राउट प्रोत्साहन योजना के लिए 28 करोड़, किसान पेंशन योजना के लिए नौ करोड़ और मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के लिए दो करोड़ रुपये रखे गए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) और सड़कों की मरम्मत के लिए 61 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।
अनुपूरक बजट पेश किया
उत्तराखंड सरकार ने विधानसभा में 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। इसमें राजस्व मद के लिए 3,679.86 करोड़ रुपये और पूंजीगत मद के लिए 4,164.32 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बजट में गैरसैंण जलापूर्ति बांध परियोजना, कुंभ मेले के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, ग्रामीण विकास और खेल समेत कई क्षेत्रों के लिए धनराशि रखी गई है।
ग्रामीण, शहरी और स्थानीय निकायों को राज्य वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुरूप 721 करोड़ रुपये देने का प्रस्ताव है। अन्नपूर्ति योजना के तहत धान और गेहूं की खरीद के लिए 1,100 करोड़ रुपये तथा अवस्थापना विकास के लिए 500 करोड़ रुपये रखे गए हैं। जल जीवन मिशन में ठेकेदारों के बकाया भुगतान के लिए 300 करोड़ और कुंभ मेले में अवस्थापना विकास कार्यों के लिए 290 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उच्च शिक्षा और विद्यालयी शिक्षा में डिजिटल लर्निंग के लिए 200 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन के पटल पर 7,400 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट रखा।
सदन में दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी
भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र में विधायक बिशन सिंह चुफाल श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इससे पहले कांग्रेस विधायक ममता राकेश ने सदन में श्रद्धांजलि दी। अब विधायक दिलीप रावत सदन में अपनी बात रख रहे हैं।
गणेश गोदियाल और हरक सिंह रावत समेत कांग्रेस के कई नेता गिरफ्तार
उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दौरान भराड़ीसैंण में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई की गई। गणेश गोदियाल और हरक सिंह रावत समेत कांग्रेस के कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया। वहीं यूकेडी कार्यकर्ता बैरिकेड पर जूझ रहे हैं।
सदन में जनरल खंडूड़ी और हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी
विधायक अरविंद पांडेय, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, बंशीधर भगत और मंत्री रेखा आर्या ने भी जनरल बीसी खंडूड़ी और हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि दी। सदन में इस समय मंत्री गणेश जोशी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
दिवालीखाल बैरियर पर कांग्रेस और यूकेडी का जोरदार प्रदर्शन
दिवालीखाल में प्रदर्शन के दौरान करण माहरा समेत कांग्रेस के नेता बैरियर पर चढ़ गए, जिन्हें पुलिस पीछे धकेलती नजर आई। जंगलचट्टी में यूकेडी, कांग्रेस और स्वराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने बैरियर तोड़ा और दिवालीखाल की ओर बढ़े। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी दिवालीखाल पहुंचे, जहां यूकेडी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।
यूकेडी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का प्रयोग, बैरियर तोड़ने का प्रयास
गैरसैंण-दिवालीखाल मार्ग पर जंगलचट्टी में प्रदर्शन कर रहे यूकेडी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने दूसरी बार वाटर कैनन का प्रयोग किया। यहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे हुए हैं और बैरियर तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। यूकेडी नेता आशीष नेगी भी मौके पर पहुंचे हैं। प्रदर्शनकारी बैरियर पर चढ़कर विरोध जता रहे हैं।
गैरसैंण-दिवालीखाल मार्ग पर बैरियर पर चढ़कर यूकेडी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
गैरसैंण से दिवालीखाल जाने वाले मार्ग पर बैरियर के पास यूकेडी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी बैरियर पर चढ़ गए।
दिवालीखाल में प्रधान संघ के प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की कार्रवाई, यूकेडी के युवा भी पहुंचे
दिवालीखाल में प्रदर्शन कर रहे प्रधान संघ के सदस्यों को पुलिस बस में बैठाकर ले गई। वहीं, दुगथम्बा बैरियर पर यूकेडी के युवा भी पहुंचे। उन्होंने ‘जय पहाड़, जय पहाड़ी’ और राजधानी गैरसैंण के समर्थन में नारे लगाए।
राज्य के सर्वांगीण विकास पर रहेगा बजट का फोकस, नई योजनाएं भी की गईं शामिल: सीएम धामी
गैरसैंण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार ऐसा बजट पेश कर रही है, जिसमें प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रावधान किए गए हैं। इसमें कुछ नई योजनाओं को भी शामिल किया गया है। नवाचार पर ध्यान देने के साथ ही मौजूदा योजनाओं को और गति दी जाएगी। विपक्ष के प्रदर्शन पर सीएम धामी ने कहा कि विपक्ष को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। उनके अनुसार, विपक्ष भी बेहतर काम करने के लिए प्रोत्साहित करता है। सभी महत्वपूर्ण कार्य विधानसभा के भीतर ही होंगे।
सतपाल महाराज ने बीसी खंडूड़ी को किया याद
सदन में मंत्री सतपाल महाराज ने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी को याद करते हुए कहा कि वह समय के बेहद पाबंद थे। रिखणीखाल के एक कार्यक्रम में बारिश के बावजूद वह समय पर पहुंचे थे, जबकि जनता छाता लेकर खड़ी थी। महाराज ने कहा कि खंडूड़ी का मानना था कि पहाड़ में सड़क सबसे अहम है। उत्तराखंड में उन्हें ‘रोड मैन’ के नाम से जाना जाता है।
यशपाल आर्य बोले- राजनीति अपनी जगह, कर्मयोगियों के विचारों का अनुसरण करना चाहिए
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन कर्मयोगियों के विचारों का अनुसरण करना चाहिए। जनरल बीसी खंडूड़ी के जाने से कांग्रेस परिवार और श्रमिक भाइयों को बड़ी क्षति हुई है।
यशपाल आर्य ने बीसी खंडूड़ी को किया याद, कहा- उनके व्यक्तित्व को शब्दों में बयां करना कठिन
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके व्यक्तित्व को शब्दों में व्यक्त कर पाना कठिन है। उनका राजनीतिक जीवन पांच दशक से अधिक का रहा। उन्होंने अपने कर्मों और विचारों से उत्तराखंड के जनमानस में अपनी अलग पहचान बनाई और पूरे प्रदेश की आवाज को एक दिशा दी। आर्य ने कहा कि स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना को आगे बढ़ाने में भी खंडूड़ी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने सुशासन, प्रशासनिक अनुशासन और पारदर्शिता की नई परिभाषा गढ़ी।
हीरा सिंह बिष्ट को दी श्रद्धांजलि, योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी को याद करते हुए कहा कि वह समय के पाबंद थे। उनका जाना प्रदेश और राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि देते हुए सीएम ने कहा कि वह जननेता थे और आम लोगों की परेशानियों को समझते थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन आम आदमी के लिए समर्पित किया। श्रमिकों के प्रति उनका विशेष लगाव था। राज्य आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास तक उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सीएम धामी ने बीसी खंडूड़ी को किया याद, बोले- उन्होंने मूल्यों और सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के सामने खड़े होकर खंडूड़ी जी को याद करना काफी मुश्किल है। एक बेटी के लिए पिता ही हीरो होते हैं।
सीएम ने कहा कि खंडूड़ी ने हर जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और समर्पण से निभाई। उन्होंने 1991 में गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद बनने के बाद लगातार पांच बार लोकसभा में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। राज्य आंदोलन को गति देने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को आगे बढ़ाने में भी उनकी अहम भूमिका रही।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से बातचीत के दौरान खंडूड़ी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का नाम अटल सड़क योजना रखने के सुझाव पर कहा था कि नाम नहीं, काम महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री बनने के बाद 2007 और 2011 में उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ काम किया और लोकायुक्त बनाने की पहल की। सीएम ने कहा कि खंडूड़ी के कार्यों में सेवा भावना और समर्पण झलकता था और जनता के बीच उनकी अलग पहचान थी।
सदन में पूर्व सीएम बीसी खंडूड़ी और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि
गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में सदन की कार्यवाही के दौरान दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी जा रही है। इस दौरान दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
भराणीसैंण में विधानसभा सत्र की कार्यवाही शुरू
भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में दो दिवसीय विधानसभा सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई है। सत्र के दौरान सदन में प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।
विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस विधायकों का प्रदर्शन, सीढ़ियों पर बैठकर दिया धरना
गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा परिसर में सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश के विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। विधायक विधानसभा की सीढ़ियों पर बैठकर धरने पर रहे।
जंगलचट्टी में यूकेडी समेत विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं को रोका, विधानसभा कूच का प्रयास
विधानसभा सत्र के पहले दिन जंगलचट्टी बैरियर पर यूकेडी, प्रधान संगठन, स्वराज दल समेत विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया। ये कार्यकर्ता विधानसभा की ओर कूच करने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान बैरियर पर मीडिया कर्मियों, स्थानीय लोगों और अधिकारियों के फंसने की सूचना है। वहीं, विधानसभा के मुख्य गेट पर कांग्रेस के विधायकों ने वोट चोरी, अंकित भंडारी को न्याय दिलाने और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया।
















