रुद्रप्रयाग : तीन दिन से धधक रहे नगर क्षेत्र से लगे जंगल!

 रुद्रप्रयाग : तीन दिन से धधक रहे नगर क्षेत्र से लगे जंगल!

रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग के चारों तरफ जंगल तीन दिन से जल रहे हैं। वातावरण में धुंध फैली है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। साथ ही हवा दूषित होने के साथ पेयजल स्रोत भी प्रभावित हो रहे हैं।
शनिवार देर रात्रि से रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र से लगा ग्राम पंचायत बर्सू का जंगल जल रहा है। सोमवार सुबह से रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र में चारों तरफ धुएं का गुबार फैला है। दिनभर बिलोटा, बर्सू से लगे जंगल में धुआं उठता रहा और कई जगहों पर आग की लपटें दिखाई दीं। वनाग्नि से नष्ट हो रही वन संपदा की राख हवा में उड़कर घरों तक पहुंच रही है, आंखों में जलन, खुजली सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो रही हैं।
कीर्तिनगर और श्रीनगर रेंज के जंगल रविवार रात से आग में जल रहे हैं। अलकनंदा नदी के दोनों ओर पौड़ी और टिहरी जिले में वनाग्नि की घटनाएं थम नहीं रही हैं। कीर्तिनगर के पठवाड़ा और मजराखाल के समीप के जंगलों में लगी आग पर चार दिन में काबू पाया जा सका। वहीं कांडी, नांडी, बडोला सहित पांच क्षेत्रों में भी जंगल आग में जल गए। वहीं अमकोटी क्षेत्र के जंगल एक बार फिर आग में जल उठे। 

Khabri Bhula

Related post