सीएम धामी ने किया जीवनदीप आश्रम के पाँच दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ
विद्यार्थियों से CM धामी की मुलाकात, बोले—चुनौतियां ही जीवन को बनाती हैं सार्थक
उत्तराखंड। भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर निकले देवप्रयाग क्षेत्र के मेधावी छात्रों के दल ने दिल्ली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे भ्रमण छात्रों को व्यापक अनुभव प्रदान करते हैं और उनके दृष्टिकोण का विस्तार करते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर भी शैक्षिक भ्रमण की पहल तेज गति से बढ़ाई जा रही है।
छात्रों से साझा किए अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव
मुख्यमंत्री धामी ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियाँ साझा करते हुए बताया कि उनके पहले शैक्षिक भ्रमण ने उन्हें निरंतर सीखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि 10वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद वे अकेले खटीमा से नैनीताल एक्सप्रेस पकड़कर सागर गए थे। उन्होंने कहा कि ज्ञान, विज्ञान और अनुसंधान ही नई सीख के वास्तविक साधन हैं।
जीवन में लक्ष्य और स्वअनुशासन को बताया जरूरी
सीएम धामी ने छात्रों को जीवन में स्पष्ट उद्देश्य निर्धारित करने और स्वअनुशासन अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही भारत के भविष्य के कर्णधार हैं और युवाओं के कंधों पर देश की ज़िम्मेदारियाँ आएंगी। इसलिए शिक्षा के समय का सदुपयोग करते हुए परिश्रम, कौशल और अनुशासन से लक्ष्य प्राप्त करना आवश्यक है।
चुनौतियों और प्रतिस्पर्धा का महत्व समझाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि लेखन प्रक्रिया को बेहतर करना, लक्ष्य से न भटकना और आत्मविश्वास बनाए रखना सफलता की कुंजी है। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के भीतर असीम शक्ति होती है, जिसे पाने के लिए एकाग्रता और सतत प्रयास जरूरी हैं।
उन्होंने छात्रों को समय प्रबंधन के प्रति जागरूक रहने की सलाह देते हुए कहा कि चुनौतियाँ और प्रतिस्पर्धा ही जीवन को प्रेरक बनाती हैं।
देवप्रयाग विधायक की पहल से हो रहा शैक्षिक भ्रमण
उल्लेखनीय है कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से विधायक विनोद कंडारी द्वारा आठ वर्ष पूर्व शुरू की गई पहल के तहत हर वर्ष मेधावी छात्रों को भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर ले जाया जाता है। भारत दर्शन 2025 के दौरान इस वर्ष छात्रों ने ऐतिहासिक साबरमती आश्रम का भ्रमण किया। इस यात्रा में उनके साथ शिक्षक-शिक्षिकाएँ भी सम्मिलित रहे।
