देहरादून: यमुना नदी में दर्दनाक हादसा: किशोरी की डूबने से मौत, SDRF ने बरामद किया शव
देहरादून : तीन लाख में लड़की को बेचा और की जबरन शादी
देहरादून। यहां एक लड़की को तीन लाख रुपये में बेचकर उसकी जबरदस्ती शादी कराने का मामला सामने आया है। इस संबंध में महिला ने अपने जेठ पर आरोप लगाया है। शादी के बाद लड़की के पति के भाई ने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस ने लड़की के ताऊ समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला वनों में रहने वाले एक जाति विशेष के लोगों के डेरे से जुड़ा है। एक महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी 16 साल की बेटी अपने ताऊ के पास रहती थी। उसके ताऊ ने जून 2021 में उसे तीन लाख रुपये में कुछ लोगों को बेच दिया। इसके बाद उसकी शादी करा दी गई। इस बात का उसे पता नहीं था लेकिन बीते दिनों किसी तरह उसकी बेटी उनके पास आई।
पीड़ित लड़की ने अपनी मां को बताया कि उसके जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। उसके साथ अन्य लोगों ने भी उसके साथ छेड़छाड़ की है। इनमें एक अन्य व्यक्ति ने भी लड़की के बयान दर्ज कराने के बहाने छेड़छाड़ की। एसएसआई पटेल नगर कुंदन राम ने बताया कि लड़की की मां की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
हालांकि इस मामले में दो दिन पहले लड़की का ताऊ भी पुलिस के पास पहुंचा था। उसने बताया था कि उसकी भतीजी को कुछ लोग अगवा कर ले गए हैं। इस संबंध में उसने नगर निगम का एक दस्तावेज भी दिखाया था, जिसमें लड़की की उम्र 22 वर्ष दर्शाई गई थी, लेकिन अगले ही दिन लड़की अपने मामा और मां के साथ थाने पहुंच गई। यहां पर लड़की ने बताया कि वह अपनी मर्जी से गई थी। उसने अपने जेठ व अन्य लोगों पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप भी लगाया। पुलिस के अनुसार लड़की की मां ने उसकी उम्र 16 वर्ष बताई है, लेकिन ताऊ ने प्रमाणपत्र 22 वर्ष होने का दिया है। इस तरह पुलिस अब उस प्रमाणपत्र की भी जांच कर रही है। यदि यह झूठा पाया जाता है तो प्रस्तुत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लड़की की उम्र 18 वर्ष से कम हुई तो इस मुकदमे में पोक्सो अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। मुकदमे की विवेचना महिला दारोगा को दी गई है।
