Uttarakhand: बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता की हत्या
Uttarakhand: बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता की हत्या
उधम सिंह नगर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के खटीमा से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है ,जहां पर बेटी के साथ हुई छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक पिता की ह्त्या कर दी गई है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल चुकी है। बताया जा रहा है कि छेड़छाड़ कर रहे दो भाइयों को युवती के पिता ने डांटा तो उन्होंने चारपाई की पाटी से उन पर हमला कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की निवासी युवती ने पुलिस प्रशासन को तहरीर दी है। तहरीर में युवती ने बताया कि उसका परिवार उधम सिंह नगर जिले के खटीमा के खेतलसंडा खाम गांव में काम के सिलसिले में आया हुआ था। बीते 27 सितंबर की दोपहर करीब 2:00 युवती गांव के सरकारी नल से पानी भरकर घर लौट रही थी। तभी इस दौरान गांव के संजय और सुभाष नाम के दो युवकों ने उसके साथ गलत हरकत की।
बेटी के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना को देखते हुए पिता ने दोनों भाइयों को डांटा और घटना का विरोध किया। इस दौरान दोनों भाइयों ने पीड़िता के पिता के साथ मारपीट शुरू की और चारपाई की पाटी से उनके सिर पर हमला किया। सिर फटने के कारण पीड़िता का पिता लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। पीड़िता के पिता को घायल अवस्था में पड़ा देख दोनों आरोपी मौके पर फरार हो गए। गम्भीर रूप से घायल पिता को उपचार के लिए गोरखपुर एम्स ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बहरहाल युवती की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
