उत्तराखंड: प्रेम प्रसंग में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दोस्त गंभीर रूप से घायल; क्षेत्र में तनाव
उत्तराखंड: दूल्हे की डिमांड सुनकर दुल्हन के पिता को हार्ट अटैक, हो गई मौत
उधम सिंह नगर। उत्तराखण्ड के उधम सिंह नगर में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब दहेज और मेहर की रकम को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष में विवाद हो गया। विवाद के दौरान सदमे में आए दुल्हन के पिता की अचानक तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लड़की पक्ष ने दूल्हे समेत कई बारातियों को रोक लिया और उनके साथ मारपीट की।
खटीमा के इस्लामनगर मैरिज हॉल की घटना: घटना वार्ड नंबर-7 इस्लामनगर स्थित खुशबू मैरिज हॉल की है। यहां बरेली के बड़ा फरीदपुर से सादिक ठेकेदार की बेटी की बारात आई थी। बारात के स्वागत तक सब कुछ सामान्य रहा। निकाह के समय मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
दूल्हा पक्ष पर दहेज की मांग बढ़ाने का आरोप: लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी तय होने के बाद से ही लड़का पक्ष लगातार दहेज की मांग बढ़ाता रहा। पहले स्कूटी की मांग की गई। बाद में उसकी जगह महंगी स्पोर्ट्स बाइक और एक लाख रुपये नकद की मांग रखी गई। वहीं निकाह के दौरान लड़की पक्ष ने पांच लाख रुपये मेहर तय करने की बात कही, जबकि लड़का पक्ष 21 हजार रुपये पर अड़ा रहा। काफी देर तक चली बातचीत के बावजूद कोई सहमति नहीं बन सकी।
दूल्हे की मांग से दुल्हन के पिता का आया हार्ट अटैक: इसी बीच विवाद से तनावग्रस्त दुल्हन के पिता की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। अस्पताल में उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने दूल्हे मोहम्मद आरिफ, उसके भाई मोहम्मद खालिद, बहनोई अता हुसैन समेत कई बारातियों को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट कर दी।
छत से कूदकर भागे बाराती: हालात इतने बिगड़ गए कि कई बारातियों को अपनी जान बचाने के लिए मैरिज हॉल के समीप एक मकान की छत से कूदकर भागना पड़ा। इस दौरान छत का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इससे कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है। विवाद के दौरान मैरिज हॉल में कुर्सियां तोड़ी गई। निकाह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने स्थिति नियंत्रित की: सूचना मिलते ही कोतवाल विजेंद्र शाह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने महिला, बच्चों और अन्य बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच पुलिस की मौजूदगी में वार्ता जारी रही. कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि निकाह के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यदि समझौता नहीं होता है, तो दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
