उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला, कई जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला, कई जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली है, जिससे अधिकांश जिलों में लगातार बारिश और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। इससे तापमान में भारी गिरावट आई है और मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज आठ अप्रैल को देहरादून समेत टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी बिजली और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने 13 अप्रैल तक का मौसम का पूर्वानुमान भी जारी कर दिया है। इस पूर्वानुमान के अनुसार कल से मौसम थोड़ा बदलेगा. हालांकि राज्य के पहाड़ी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी इलाकों में कल यानी गुरुवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। कल उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। शेष पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी. 3000 मीटर और इससे ऊंचाई पर स्थित स्थानों पर बर्फबारी होगी।
इसके बाद 10 अप्रैल से लेकर 13 अप्रैल तक मौसम का यही पैटर्न रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 1 से 2 दिन में अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। उसके 3-4 दिन बाद अधिकतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस बढ़ेगा।
