BKTC CEO विजय थपलियाल की प्रतिनियुक्ति समाप्त, रूप छड़ी को बहार ले जाने की दी थी अनुमति
देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच जल्द शुरू होगी उड़ान, केंद्रीय मंत्री ने लिखा सीएम धामी को पत्र
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्र पिथौरागढ़ तक जल्द ही हवाई सेवा शुरू हो सकती है। जिससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक कार्यों के लिए राजधानी देहरादून तक पहुंच भी आसान हो जाएगी। केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के तहत देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच जल्द ही हेली सेवा शुरू होने जा रही है। इससे खासकर सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जानकारी दी है। पत्र में बताया गया है कि देहरादून-पिथौरागढ़ रूट पर उड़ान सेवा शुरू करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इस रूट पर हेली सेवा का संचालन मैसर्स स्काईहॉप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। कंपनी फिलहाल सभी जरूरी कागजी प्रक्रियाएं पूरी कर रही है। औपचारिकताएं पूरी होते ही इस रूट पर नियमित उड़ानें शुरू कर दी जाएंगी।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री धामी ने पहले ही इस रूट पर हवाई सेवाएं बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया था, जिसके बाद अब इस दिशा में ठोस पहल देखने को मिल रही है।
केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत उत्तराखंड में पहले से ही करीब 30 रूटों पर हेली सेवाएं संचालित हो रही हैं। सरकार अब देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच नियमित विमान सेवा शुरू करने के विकल्पों पर भी काम कर रही है, जिसके लिए अन्य कंपनियों से भी संपर्क किया जा रहा है।
इसी बीच केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत उत्तराखंड को बड़ी राहत दी है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जानकारी दी है कि पहले चरण के बकाया भुगतान के साथ-साथ दूसरे और तीसरे चरण के कार्यों को पूरा करने की समय सीमा अब मार्च 2027 तक बढ़ा दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड को सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा कि देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू होने से सीमांत क्षेत्रों के लोगों का राज्य की राजधानी से सीधा संपर्क आसान हो जाएगा और विकास को नई गति मिलेगी।
