उत्तराखंड में 22 मार्च तक जारी रहेगी बारिश और बर्फबारी…
देहरादून। उत्तराखंड में रविवार को चोटियों पर हिमपात और निचले इलाकों में भारी बारिश के बाद सोमवार को मौसम शुष्क हो गया। दिनभर धूप खिली रही, लेकिन सुबह-शाम ठंड बरकरार है। उत्तराखंड में बीते 10 दिनों पहले यानी 7 मार्च को उत्तराखंड में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ था। जिसके बाद से ही प्रदेश के पहाड़ी जिलों में बारिश का दौर जारी था।
मौसम विभाग के अनुसार, आज भी पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 22 मार्च तक का मौसम का अलर्ट भी जारी कर दिया है। कल 18 मार्च यानी बुधवार को राज्य के कुछ पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी तथा सभी मैदानी जिलों में बारिश होने की संभावना है। जिन पहाड़ी जिलों में बारिश होगी उनमें उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ शामिल हैं।
दिनभर मंडराते रहे बादल
वहीं, बीते रविवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में दिनभर बादल मंडराते रहे और शाम को चोटियों पर हिमपात के साथ ही निचले इलाकों में अंधड़ के साथ बौछारें पड़ीं। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक जोरदार बारिश हुई। इस दौरान कोटेश्वर में सर्वाधिक 63 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जबकि, देवप्रयाग में 40, देहरादून में 27, पिथौरागढ़ में 24 मिमी वर्षा हुई।
सुबह-शाम लौट आई ठिठुरन
इसके अलावा भी प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में पांच से 15 मिमी तक बारिश रिकार्ड की गई। जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आई और पहाड़ से मैदान तक सुबह-शाम ठिठुरन लौट आई। इसके बाद सोमवार को सुबह से ही ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिली रही और दिनभर मौसम शुष्क बना रहा।
चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ
वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में दोपहर बाद आंशिक बादल मंडराने लगे और चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा व 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हल्का हिमपात हो सकता है।
