देहरादून में गैंग्सटर हत्याकांड का पर्दाफाश: पुलिस ने दो आरोपित किए गिरफ्तार
देहरादून में गैंग्सटर हत्याकांड का पर्दाफाश: पुलिस ने दो आरोपित किए गिरफ्तार
देहरादून। सिल्वर सिटी मॉल में हुई विक्रम शर्मा की हत्या के मामले का एसटीएफ उत्तराखंड और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल दो आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने किया दो आरोपियों को अरेस्ट
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना की साजिश में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग प्रांतों से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अक्षत ठाकुर और राजकुमार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी कई महीने पहले से ही विक्रम को मारने की प्लानिंग कर चुके थे।
जमशेदपुर और नोएडा में थी विक्रम को ठिकाने लगाने की तैयारी
आरोपियों ने बताया कि पहले जमशेदपुर और नोएडा में विक्रम शर्मा को ठिकाने लगाने की तैयारी थी। लेकिन विक्रम के साथ ज्यादा लोगों के चलने के कारण वो इस योजना को अंजाम नहीं दे पाए। घटना से करीब 3 महीने पहले साजिश में शामिल एक आरोपी ने उसी जिम को ज्वाइन किया था जिसमें विक्रम शर्मा भी जाता था ।
आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित
घटना के दिन भी आरोपी ने ही अपने अन्य साथियों को फोन के माध्यम से विक्रम शर्मा के जिम में होने की जानकारी दी थी। एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि घटना के बाद भागने के लिए आरोपियों ने हरिद्वार से रेंट पर ली स्कूटी और बाइक का इस्तेमाल किया था। बता दें अभी भी वारदात में शामिल छह आरोपी फरार चल रहे हैं। देहरादून एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
